जमशेदपुर: शहर की महिला हॉकी प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। हॉकी ऐस फाउंडेशन की ओर से नेवल टाटा हॉकी अकादमी के गर्ल्स विंग का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम नेवल टाटा हॉकी अकादमी गर्ल्स हॉस्टल के प्रथम तल स्थित एवी रूम में आयोजित हुआ।


उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रुचि नरेंद्रन मौजूद रहीं। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मनपांडा मुथन्ना सोमैया विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रशिक्षक, खिलाड़ी, अभिभावक और खेल जगत से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
गर्ल्स विंग की शुरुआत को महिला हॉकी खिलाड़ियों के लिए अहम कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से युवा खिलाड़ियों को आधुनिक हॉकी प्रशिक्षण के साथ बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। खिलाड़ियों को पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अनुशासन, नियमित अभ्यास और मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि सही प्रशिक्षण, सुविधाओं और मार्गदर्शन से महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं।
कार्यक्रम में नेवल टाटा के भारतीय हॉकी में योगदान को भी याद किया गया।

