जमशेदपुर: लुआबासा की जर्जर पुलिया की जनसहयोग से मरम्मत, बंटी सिंह ने कराया काम

Spread the love

जमशेदपुर: लुआबासा क्षेत्र की जर्जर पुलिया को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई थी। पुलिया की खराब स्थिति के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, समस्या को लेकर कई महीनों से विभिन्न मीडिया संस्थानों के माध्यम से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान भी आकृष्ट कराया गया, लेकिन ठोस पहल नहीं हो सकी।

इसके बाद समाजसेवी बंटी सिंह और स्थानीय लोगों ने जनसहयोग से पुलिया की मरम्मत का काम कराया। मरम्मतीकरण में रेडीमिक्स कंक्रीट का इस्तेमाल किया गया। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मरम्मत के बाद पुलिया से आवागमन पहले की तुलना में सुगम होगा और लोगों को परेशानी से राहत मिलेगी।

इस मौके पर अप्पू तिवारी ने कहा कि पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर कई महीनों से मीडिया के माध्यम से आवाज उठाई जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्या का समाधान करने के बजाय अधिकारी जनप्रतिनिधियों की सेवा-सत्कार में अधिक व्यस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि अंततः समाजसेवी बंटी सिंह और स्थानीय लोगों ने आगे आकर जनहित में पुलिया की मरम्मत कराई।

अप्पू तिवारी ने कहा कि जनसरोकार से जुड़े कार्यों के लिए केवल पद और अधिकार ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इच्छाशक्ति और सेवा भावना भी जरूरी है। उन्होंने जनसहयोग से किए गए इस कार्य को स्थानीय लोगों के हित से जुड़ा कदम बताया।

समाजसेवी बंटी सिंह ने कहा कि वह जनहित और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे भी काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आम लोगों को परेशानी में देखकर समस्या के समाधान के लिए आगे आने का प्रयास करते हैं। उनका उद्देश्य जनता के साथ मिलकर सेवा कार्य करना है और जनता के सहयोग से ऐसे जनहित के कार्य आगे भी जारी रहेंगे।