रांची: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले योग शिक्षक स्वर्गीय राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस संबंध में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात कर मामले में आवश्यक सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राजा कुमार वर्मा के निधन से परिवार गहरे सदमे में है और परिजन जल्द से जल्द पार्थिव शरीर को भारत लाकर अंतिम संस्कार करना चाहते हैं।


संजय सेठ ने विदेश मंत्रालय के स्तर से संबंधित पक्षों के साथ जरूरी समन्वय कर प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। उन्होंने वियतनाम से पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई को सरल बनाने और जल्द पूरा कराने की भी मांग रखी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में परिवार पहले ही मानसिक पीड़ा से गुजर रहा होता है। इसलिए प्रशासनिक प्रक्रिया को यथासंभव सहज बनाया जाना चाहिए, ताकि पार्थिव शरीर की भारत वापसी में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई और समन्वय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मामले में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। विदेश मंत्रालय की ओर से आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने और संबंधित पक्षों के साथ समन्वय के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्रयास किया जा रहा है कि राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार से पहले भारत पहुंच जाए। विदेश मंत्री के आश्वासन के बाद परिवार को पार्थिव शरीर की जल्द वापसी की उम्मीद जगी है।

