गुमला: कामडारा प्रखंड की हॉकी खिलाड़ी पार्वती टोपनो ने जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। चीन के मोकी में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम की खिताबी जीत में पार्वती ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी उपलब्धि पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो और उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने समाहरणालय में पार्वती टोपनो और उनके माता-पिता सोमा टोपनो व जानो टोपनो को सम्मानित किया।


इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से पार्वती के परिवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ भी दिया गया। उपायुक्त ने पार्वती को आगे भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
25 नवंबर 2007 को जन्मी पार्वती टोपनो ने वर्ष 2017 में कामडारा डे-बोर्डिंग सेंटर से हॉकी का प्रशिक्षण शुरू किया था। वर्ष 2018 में वह बरियातू सेंटर से जुड़ीं और करीब छह वर्षों तक वहां प्रशिक्षण लिया। मार्च 2024 में उन्होंने मोराबादी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रवेश लिया। फरवरी 2025 से वह बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं।
पार्वती इससे पहले जूनियर महिला विश्व कप 2025 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्हें जूनियर महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह मिली। प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने टीम की स्वर्ण पदक जीत में योगदान दिया।
पार्वती की इस उपलब्धि से उनके परिवार, प्रशिक्षकों और गुमला जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय स्तर पर उनकी सफलता को उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

