झारखंड: झारखंड में पैरा योगासन खेलों के प्रचार-प्रसार, विकास और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड पैरा योगासन स्पोर्ट्स प्रमोशन कमिटी का गठनात्मक विस्तार किया गया है। कमिटी के चेयरमैन सह कॉर्डिनेटर डॉ. रवि शंकर नेवार ने श्री के. प्रभाकर राव को कमिटी का संरक्षक (Patron) मनोनीत किया है।


के. प्रभाकर राव खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े हैं। वे बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के ज्वाइंट सेक्रेटरी, पैरा बैडमिंटन ऑफ इंडिया के चेयरमैन, झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सेक्रेटरी तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार, टाटानगर के मैनेजिंग ट्रस्टी के रूप में जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
कमिटी की ओर से कहा गया कि उनके खेल अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। कमिटी को उम्मीद है कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से झारखंड में पैरा योगासन खेलों को बढ़ावा मिलेगा और दिव्यांग खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर डॉ. रवि शंकर नेवार ने कहा कि के. प्रभाकर राव का खेल और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके अनुभव से पैरा योगासन के विकास, संगठनात्मक विस्तार और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में सहयोग मिलेगा।
के. प्रभाकर राव ने मनोनयन के लिए आभार जताते हुए पैरा योगासन के विकास और दिव्यांग खिलाड़ियों के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने 11 अक्टूबर 2026 को मिथिला सांस्कृतिक परिषद, गोलमुरी, जमशेदपुर में होने वाली द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की सफलता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों से प्रतियोगिता में सहभागिता और सहयोग की अपील की।
के. प्रभाकर राव के मनोनयन पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य राज्य सलाहकार विपिन पांडेय, सलाहकार सह पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुधा झा, राज्य सचिव चंदू कुमार, राज्य संयुक्त सचिव मलय कुमार डे, राज्य कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह समेत अर्जुन शर्मा, ललिता शर्मा, प्रज्ञा पारोमिता और लक्ष्मी साहू ने शुभकामनाएं दीं।

