जमशेदपुर के सोनारी डुमुहानी के पास LPG से भरे एक टैंकर से अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। रिसाव का पता चलते ही चालक ने टैंकर को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया और कंपनी प्रबंधन व पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी।


बताया गया कि LPG टैंकर सोनारी डुमुहानी के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने टैंकर से गैस रिसने की जानकारी देखी। उसने तुरंत वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। चालक की सतर्कता से स्थिति को बिगड़ने से पहले संभालने का मौका मिल गया।
गैस रिसाव की सूचना पर पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों तरफ ट्रैफिक रोक दिया। इससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद LPG कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने टैंकर की जांच कर रिसाव को नियंत्रित किया।
सोनारी थाना पुलिस के अनुसार, गैस रिसाव के दौरान किसी वाहन से निकली चिंगारी टैंकर के संपर्क में आती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि चालक की तत्परता और पुलिस की समय पर कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में रही। रिसाव पूरी तरह बंद होने और स्थिति सामान्य होने के बाद टैंकर को कंपनी परिसर भेज दिया गया।

