जमशेदपुर: SIR सत्यापन के दौरान वोटर लिस्ट में तीन अफगान नागरिकों के नाम मिले, जांच तेज

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तीन अफगान नागरिकों के नाम दर्ज होने का मामला सामने आया है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, दस्तावेजों की जांच के दौरान आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली। जांच के बाद अधिकारियों ने तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि की है।

मामला मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान सामने आया। दस्तावेजों में विसंगतियां मिलने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर आवश्यक कागजात मांगे गए। अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा के अनुसार, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद पासपोर्ट समेत दस्तावेजों की जांच की गई।

अधिकारियों के मुताबिक, तीनों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में भी शामिल हो गए थे। दस्तावेजों की जांच के बाद यह मामला सामने आया।

अब निर्वाचन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में किस प्रक्रिया और किन लोगों के माध्यम से दर्ज हुए। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ऐसे अन्य मामलों की भी जांच का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।