जमशेदपुर: राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित फिल्मकार रवि राज मुर्मू का भाजपा जिला कार्यालय में नागरिक अभिनंदन

Spread the love

जमशेदपुर: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘गोल्डन लोटस’ अवॉर्ड से सम्मानित जादूगोड़ा के युवा फिल्मकार रवि राज मुर्मू का रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में नागरिक अभिनंदन किया गया। भाजपा जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश बास्के की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

रवि राज मुर्मू को 22 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी संताली फिल्म ‘आंगेन’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया था। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जादूगोड़ा के छोटे से गांव कुमीरमुड़ी से निकलकर रवि राज मुर्मू ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और क्षेत्र को नई पहचान दिलाई है।

कार्यक्रम के दौरान फिल्मकार की उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान स्थानीय प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

अभिनंदन कार्यक्रम में जिला महामंत्री राजीव सिंह, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, अमर सिंह, शैलेश गुप्ता, शशांक शेखर, काजू शांडिल, संजय मुंडा, लक्ष्मण हांसदा, बीरेन मुर्मू, पवन सोलंकी, प्रेम भूमिज, अभय गोंड, गणेश मुंडा, विजय गोंड, किशोर ओझा, उज्ज्वल कुमार और संजीत चौरसिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे।