जमशेदपुर: मानगो में मोबाइल छिनतई मामले का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार और विधि विरुद्ध किशोर निरुद्ध

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो डिमना रोड स्थित शर्मा फर्नीचर के पास 1 अक्टूबर 2026 को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक युवक से मोबाइल छीन लिया था। घटना के संबंध में शिकायत मिलने के बाद ओलीडीह ओपी में कांड संख्या 204/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 304(2) बीएनएस 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा से मिले इनपुट के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की गयी। इसके बाद ओलीडीह ओपी प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल ने 2 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को छीने गये मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इसके अलावा मामले में एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल दूसरे आरोपी की भूमिका और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. आरिफ अंसारी उर्फ सिक्कू, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता गुलाम सरवर अंसारी, निवासी ओल्ड फारुख फ्लैट्स, रोड नंबर 3, केबुल टाउन कॉलोनी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के रूप में हुई है।

छापेमारी दल में ओलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली के साथ रविन्द्र पाण्डेय, विजय कुमार, विश्वरंजन और ओपी के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।