जमशेदपुर: जिला बदर कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना गिरफ्तार, चोरी-छिपे जिले में घुसने का आरोप

Spread the love

जमशेदपुर: जिला बदर किए गए कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना को साकची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जिला बदर आदेश लागू होने के बावजूद वह चोरी-छिपे पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश कर गया था। शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साकची पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कालीमाटी रोड से सोनारी-मरीन जाने वाली सड़क पर स्थित पुल के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, राजकुमार सिंह उर्फ दाना (30) सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मल नगर का रहने वाला है। उसे झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत जिला बदर किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि जिला बदर होने के बावजूद वह जिले में मौजूद है और दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई।

साकची थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, अविनाश उरांव और सशस्त्र बल ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार सिंह उर्फ दाना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि राजकुमार सिंह उर्फ दाना के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या समेत कई गंभीर मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। इन मामलों में आरोप-पत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं। पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने के मामले में की गई गिरफ्तारी को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।