जमशेदपुर: कोहरे के कारण जलियांवाला बाग एक्सप्रेस बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग, सांसद विद्युत वरण महतो से मिला सिख समाज

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) का कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग को लेकर सिख समाज का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद विद्युत वरण महतो से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष ट्रेन का परिचालन जारी रखने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर और पूरे कोल्हान को उत्तर भारत से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इसके परिचालन पर रोक से हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, कामगारों, व्यवसायियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक फॉग-सेफ्टी उपकरण, बेहतर सिग्नलिंग और अन्य सुरक्षा उपायों के जरिए ट्रेन का परिचालन जारी रखने की संभावना पर रेलवे स्तर पर विचार किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी।

सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुना और रेलवे के उच्च अधिकारियों तथा संबंधित स्तर पर इस विषय में पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे इस मामले पर सकारात्मक विचार करेगा।

इस दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री चंचल भाटिया, भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शिंदे, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कामे, जगतार सिंह, हैप्पी सिंह, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह काते समेत भाजपा सिख नेता, सिख समाज के गणमान्य लोग और युवा साथी मौजूद रहे।