दिल्ली: झारखंड के पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के छह सदस्य 29 सितंबर की रात दिल्ली स्थित झारखंड भवन की लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण घंटों फंसे रहे। जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य झारखंड भवन में ठहरे हुए थे और रात में लिफ्ट से जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट बीच में अचानक रुक गई।


लंबे समय तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण परिवार के सदस्यों को घबराहट और सांस लेने में परेशानी होने की बात सामने आई। बताया गया कि कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ सदस्य बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड भवन के रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद सभी छह लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें दिल्ली के वसंत विहार स्थित होली एंजिल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया गया। खबर के अनुसार, फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है और परिवार दिल्ली में ही है।
घटना के बाद पूर्व सांसद घूरन राम ने झारखंड भवन की व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय मौके पर कोई इंजीनियर या तकनीकी कर्मचारी मौजूद नहीं था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना की तत्काल सूचना पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों को क्यों नहीं दी गई।
फिलहाल परिवार के सदस्यों का इलाज जारी है। घटना को लेकर झारखंड भवन प्रबंधन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।

