जामताड़ा: फर्जी APK भेजकर साइबर ठगी का आरोप, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार, 3 मोबाइल और 4 सिम बरामद

Spread the love

जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा में साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय युवक बसंत कुमार मंडल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह लोगों के मोबाइल पर फर्जी APK फाइल भेजकर जरूरी निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश करता था। इसके बाद बैंक खातों से पैसे निकालने का प्रयास किया जाता था। पुलिस ने आरोपी को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कोदराटांड़ गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, एसपी शंभू कुमार सिंह को मामले की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम गठित कर कोदराटांड़ गांव में छापेमारी की गई। इसी दौरान नरेश मंडल के 23 वर्षीय पुत्र बसंत कुमार मंडल को उसके घर से पकड़ा गया।

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड की सर्विस अपडेट करने के नाम पर लोगों को झांसा देता था। इसके बाद मोबाइल पर एक लिंक भेजकर फर्जी APK डाउनलोड और इंस्टॉल करने को कहा जाता था। APK इंस्टॉल होने के बाद मोबाइल से बैंकिंग और निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जाता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से तीन स्मार्टफोन और चार सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस साइबर नेटवर्क के तार देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े हो सकते हैं।

मामले में साइबर क्राइम थाना में BNS 2023, IT Act और Telecommunication Act की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबर या स्रोत से मिली APK फाइल डाउनलोड न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।