रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा राहुल गांधी और हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा की भूमिका पर सवाल उठाए।


केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में युवाओं और अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर चिंतित है, तो उसे केंद्र और भाजपा शासित राज्यों में सामने आए भर्ती परीक्षा और पेपर लीक के मामलों पर भी जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे संसद से लेकर सड़क तक उठाते रहे हैं। उन्होंने झारखंड में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को राहुल गांधी के निर्देश से जोड़ने के भाजपा के आरोप को निराधार बताया।
कांग्रेस ने JPSC-JSSC परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग का समर्थन किया। साथ ही भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और अनियमितताओं की स्थिति पर केंद्र सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि छात्रों को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि न्याय और स्पष्ट समाधान चाहिए।

