रांची: झारखंड पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक की कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। जनवरी से जुलाई तक पुलिस ने नक्सलवाद, साइबर अपराध और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त तक 113 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 50 ने आत्मसमर्पण किया। अभियान के दौरान 22 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए और 111 हथियार व 9,904 कारतूस बरामद किए गए।


साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में जनवरी से जून तक 658 मामले दर्ज हुए और 486 आरोपी गिरफ्तार किए गए। 1930 हेल्पलाइन पर जनवरी से जुलाई के बीच 77,503 शिकायतें मिलीं। पुलिस के अनुसार करीब 150 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए और 19 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए।
नशे के खिलाफ अभियान में 435 मामले दर्ज कर 710 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 3,461 किलो गांजा, 151 किलो अफीम, 3.6 किलो ब्राउन शुगर और 10,218 किलो डोडा बरामद किया।
CEIR पोर्टल की मदद से 4,053 चोरी या गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए गए। पुलिस के 237 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी गई। साथ ही आधुनिक संसाधनों और तकनीक के जरिए पुलिस व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

