झारखंड SIR: मतदाता सूची में दावा-आपत्ति की अंतिम तारीख बढ़ी, अब 15 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Spread the love

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के बीच निर्वाचन आयोग ने लोगों को बड़ी राहत दी है। अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी जानकारी में सुधार के लिए दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अधिक समय मिलेगा। आयोग ने दावा-आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा और आपत्तियों से संबंधित नोटिस जारी करने और उनका निपटारा करने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद झारखंड की अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। इससे पहले दावा-आपत्ति की अंतिम तारीख 4 सितंबर और अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख 7 अक्टूबर निर्धारित थी।

मतदाता सूची से जुड़े मामलों के जल्द निपटारे के लिए राज्य में 311 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। इनके माध्यम से नाम जोड़ने, सुधार, दावा और आपत्ति से संबंधित आवेदनों के निपटारे में तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से समय बढ़ाने का प्रस्ताव मानसून, कृषि कार्य और देवघर-दुमका में चल रहे श्रावणी मेले को देखते हुए भेजा गया था। आयोग ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो ECINET पर फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं, नाम, पता, उम्र या अन्य विवरण में गलती होने पर फॉर्म-8 के जरिए सुधार कराया जा सकता है।