जेटेट-2026 की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, 5.65 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Spread the love

रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को कदाचारमुक्त और व्यवस्थित तरीके से आयोजित कराने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एक नवंबर को होने वाली परीक्षा की तैयारियों की गुरुवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने पर भी जोर दिया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। बैठक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह, जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा और जैक सचिव सच्चिदानंद दिव्येंदु तिग्गा समेत विभिन्न जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

इस परीक्षा में राज्यभर से करीब 5.65 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें प्राथमिक स्तर के 1,95,935 और उच्च प्राथमिक स्तर के 3,69,113 अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा के लिए कुल 986 केंद्र बनाए गए हैं। अकेले रांची में 101 केंद्रों पर लगभग 48 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

इधर, कदाचार रोकने के लिए रांची एसडीओ कुमार रजत ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की है। यह प्रतिबंध परीक्षा के दिन सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।