रांची: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने 23 सितंबर को राज्य में भारी बारिश और 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।


मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना है और इसके उत्तर आंध्र प्रदेश तथा दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इसका प्रभाव झारखंड समेत आसपास के राज्यों में बारिश के रूप में देखने को मिल रहा है।
रांची में 23 सितंबर को भी भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है। 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। 25 सितंबर को भी गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

