पलामू: करम डाली विसर्जन के दौरान उत्तर कोयल नदी में पांच डूबे, चार की मौत; एक की तलाश जारी

Spread the love

पलामू: चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया गांव में बुधवार सुबह करम डाली और पूजा सामग्री के विसर्जन के दौरान उत्तर कोयल नदी में पांच लोग डूब गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की तलाश जारी है। चारों मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

मृतकों की पहचान पतरिया खुर्द निवासी 15 वर्षीय विशाल पासवान, 20 वर्षीय अमित कुमार सिंह, 17 वर्षीय नन्हू सिंह और 10 वर्षीय आदर्श सिंह के रूप में हुई है। वहीं, हेमंत सिंह के नदी में डूबने की सूचना है। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बताया गया कि पतरिया खुर्द के युवा, किशोर और बच्चे करम पर्व के अवसर पर बोकेया गांव स्थित उत्तर कोयल नदी में करम डाली और अन्य पूजन सामग्री का विसर्जन करने पहुंचे थे। इसी दौरान पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया।

चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चार शव बरामद कर लिए गए हैं और हेमंत सिंह की तलाश जारी है। स्थानीय गोताखोरों और तैराकों को भी खोज अभियान में लगाया गया है।

चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमआरएमसीएच भेजा गया है। हादसे की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन उत्तर कोयल नदी के तट पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।