कोडरमा में अब WhatsApp से दर्ज होगी शिकायत, MEETA पोर्टल पर प्रशासन ने शुरू की डिजिटल सुविधा

Spread the love

कोडरमा: जिले के लोगों को अब अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कोडरमा जिला प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराने के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। इसके तहत MEETA पोर्टल पर WhatsApp के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए प्रशासन ने मोबाइल नंबर 77392-24365 जारी किया है।

जिले के नागरिक अपने मोबाइल फोन से इस WhatsApp नंबर पर संदेश भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा जारी QR Code को स्कैन कर भी शिकायत भेजने की सुविधा उपलब्ध होगी। शिकायत के साथ संबंधित फोटो, वीडियो और जरूरी जानकारी भी साझा की जा सकती है। इससे प्रशासन को समस्या समझने और उसके समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन WhatsApp के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करेगा। शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों को समय-समय पर उनकी शिकायत की स्थिति की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही अब तक की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि इस सुविधा से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान और पारदर्शी होगी। लोग अपने आसपास की सार्वजनिक समस्याओं की जानकारी भी प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।

जिला प्रशासन ने लोगों से इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। यह पहल “आपकी शिकायत-हमारी प्राथमिकता-त्वरित समाधान” के संकल्प के साथ शुरू की गई है।