कोडरमा: जयनगर थाना क्षेत्र में मजदूरों के लिए खाना बनाने वाली महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब दो महीने बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला के लापता होने की शिकायत 21 जुलाई 2026 को दर्ज कराई गई थी। तलाश के दौरान उसी दिन KTPS परिसर स्थित तालाब के पास उसका शव बरामद हुआ था। इसके बाद जयनगर थाना कांड संख्या 137/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस के अनुसार, मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी और तकनीकी साक्ष्य उपलब्ध नहीं था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जयनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने विपुल चन्द्र बर्मण (31) को 25 सितंबर 2026 को कोडरमा रेलवे स्टेशन के बाहर एक चाय दुकान से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बांझेडीह पावर प्लांट में मजदूरी करता था, जबकि मृतका वहां मजदूरों के लिए खाना बनाती थी। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई की शाम प्लांट परिसर स्थित तालाब के पास दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला को तालाब के पानी में खींचकर डुबाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वह ट्रेन से मुंबई चला गया और अलग-अलग स्थानों पर घूमता रहा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में जयनगर थाना प्रभारी सौरभ कुमार शर्मा और थाना के सशस्त्र आरक्षी शामिल थे। पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रखने की बात कही है।

