धनबाद : सरायढेला थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाश पुलिस की दबिश और तेज रफ्तार भागने के दौरान हादसे का शिकार हो गए। भागने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए। इस हादसे में एक आरोपी का पैर टूट गया, जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि दोनों ने एक महिला से चेन छीनकर भागने की कोशिश की थी, तभी पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। गोल बिल्डिंग के पास भागने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई और वे गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या वे किसी बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

