नेपाली बैन से भारतीय आमों पर संकट, यूपी के किसानों में हड़कंप, लाखों के नुकसान की आशंका

Spread the love

लखनऊ : नेपाल द्वारा भारत से आने वाले आमों पर प्रतिबंध लगाए जाने के फैसले से उत्तर प्रदेश के किसानों और निर्यातकों में चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि इस कदम से भारतीय आमों की अंतरराष्ट्रीय छवि पर असर पड़ सकता है और मौसमी व्यापार को बड़ा झटका लग सकता है। नेपाल ने यह प्रतिबंध कथित तौर पर फलों में अधिक मात्रा में कीटनाशक अवशेष और सीमा पर पर्याप्त क्वारंटीन जांच व्यवस्था की कमी को देखते हुए लगाया है।

मलिहाबाद जैसे प्रमुख आम उत्पादक क्षेत्रों के किसानों ने कहा है कि पहले से ही उन्हें उचित दाम नहीं मिल पा रहा था और अब निर्यात पर असर पड़ने से स्थिति और खराब हो सकती है। किसानों का यह भी कहना है कि इस फैसले से घरेलू बाजार में भी दामों पर दबाव बढ़ सकता है और आम की बिक्री प्रभावित हो सकती है।

वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला भारत के फल निर्यात के भरोसे को भी प्रभावित कर सकता है, खासकर ऐसे समय में जब पहले जापान भी भारतीय आमों पर अस्थायी रोक लगा चुका है। किसानों और व्यापारियों ने मांग की है कि क्वारंटीन व्यवस्था को मजबूत कर व्यापार को सुचारू रखा जाए ताकि निर्यात पर अनावश्यक असर न पड़े।