जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के शोधार्थी अरविंद कुमार ने अपनी शोध उपलब्धियों से संस्थान और शहर का नाम रोशन किया है। उनका शोध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। उनके शोध पत्र तीन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल Energies, Powder Technology और Mining Metallurgy में प्रकाशित हुए हैं। यह उपलब्धि उनके शोध कार्य की गुणवत्ता और शैक्षणिक योगदान को दर्शाती है।


11 नवंबर को अरविंद कुमार का पीएचडी वाइवा आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के प्रोफेसर डॉ. संदीप सिंह बाह्य परीक्षक के रूप में उपस्थित रहे। वाइवा के दौरान अरविंद कुमार ने अपने शोध कार्य की प्रस्तुति दी और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की।
सफल प्रस्तुति और शोध कार्य के मूल्यांकन के बाद उन्हें मेटलर्जिकल एंड मैटेरियल्स इंजीनियरिंग विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
तीन प्रतिष्ठित जर्नल में शोध का प्रकाशन और पीएचडी वाइवा में सफल प्रस्तुति अरविंद कुमार की शैक्षणिक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस सफलता से NIT जमशेदपुर के शैक्षणिक और शोध क्षेत्र को भी नई पहचान मिली है।

