जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। यात्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की गई। इस दौरान ADRM ए. त्रिपाठी, सीनियर DCM आदित्य कुमार चौधरी और ARM नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की।


रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने और स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए गए।
वहीं, यात्रियों के लिए एक और राहत भरी खबर सामने आई है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने पहले रद्द की गई टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस को दोबारा निर्धारित समय के अनुसार चलाने की घोषणा की है। ट्रेन का परिचालन फिर से शुरू होने से टाटानगर और अमृतसर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे की इस पहल से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और रेल परिचालन को व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।

