एनएमसी से नेताजी सुभाष ग्रुप को बड़ी मंजूरी, आदित्यपुर मेडिकल कॉलेज में MBBS सीटें हुईं दोगुनी

Spread the love

आदित्यपुर: चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी नेताजी सुभाष ग्रुप को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से बड़ी उपलब्धि मिली है। आयोग ने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए समूह द्वारा संचालित दोनों मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि की अनुमति प्रदान की है। इस फैसले से झारखंड और बिहार के मेडिकल छात्रों को अपने ही राज्य में उच्च चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे।

एनएमसी की मंजूरी के बाद आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। वहीं, बिहार के बिहटा मेडिकल कॉलेज में सीटों की संख्या 150 से बढ़ाकर 250 कर दी गई है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, अनुभवी फैकल्टी, अस्पताल में बेहतर मरीज संख्या तथा शैक्षणिक गुणवत्ता के आधार पर एनएमसी ने सीट वृद्धि को मंजूरी दी है।

इस बीच नेताजी सुभाष ग्रुप ने रांची में भी नए मेडिकल कॉलेज और मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना की घोषणा की है। इसके लिए रांची में लगभग 22 एकड़ 20 डिसमिल भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। प्रस्तावित परिसर में अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय रिसर्च लैब और आधुनिक मेडिकल शिक्षा का ढांचा विकसित किया जाएगा।

समूह के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि एमबीबीएस सीटों में वृद्धि संस्थान की गुणवत्ता, उत्कृष्ट आधारभूत संरचना और चिकित्सा शिक्षा के प्रति समर्पण की पहचान है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य झारखंड और बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय एवं किफायती चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि रांची में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज राज्य के दूरदराज क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।