सरायकेला: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को सरायकेला और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई मतदान केंद्र क्षेत्रों का निरीक्षण कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे सर्वे और सत्यापन कार्य की प्रगति की जानकारी ली।


के. रवि कुमार ने कई घरों तक पहुंचकर मतदाताओं से सीधे बातचीत की और लोगों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। उन्होंने कहा कि सत्यापन के लिए घर पहुंचने वाले बीएलओ को सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अपडेट करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ को ‘होम-टू-रोल’ अभियान के तहत प्रत्येक घर तक पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। साथ ही ‘एक परिवार-एक मतदान केंद्र’ व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। यदि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक सुधार किया जा सकता है।
के. रवि कुमार ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं, दूसरे राज्य की मतदाता सूची में दर्ज नाम को झारखंड में निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 और घोषणा पत्र के माध्यम से स्थानांतरित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक समावेशी, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक सूची से बाहर न रहे और किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
निरीक्षण के दौरान खरसावां के ERO-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला के ERO-सह-SDO अभिनव प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

