सोना देवी विश्वविद्यालय में SIR को लेकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

घाटशिला, 12 अगस्त 2026: सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के स्वामी विवेकानंद सभागार में निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन शाखा के पदाधिकारियों की ओर से विद्यार्थियों के बीच SIR (Special Intensive Revision) को लेकर विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में निर्वाचन प्राधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी ने SIR के उद्देश्य और आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की शंकाओं और भ्रांतियों का समाधान करते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी।

निर्वाचन शाखा के अधिकारी प्रशांत कुमार मिश्रा, कोमल रानी एवं दीपक कुमार पासवान ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन भरने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान ऑनलाइन फॉर्म भरने में आने वाली सामान्य समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों की व्यक्तिगत समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में BLO सुकुल मार्डी एवं नमिता दास भी उपस्थित रहे। उन्होंने स्थानीय स्तर पर मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं और आवश्यक जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की।

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

कुलपति प्रोफेसर डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान देने के साथ-साथ जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना भी है। वहीं कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सामाजिक विज्ञान संकाय की अध्यक्ष डॉ. कंचन सिन्हा ने निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समापन जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय मतदाता बनने के संकल्प के साथ हुआ।