सरायकेला-खरसावां में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल-मुरी रेलखंड में झिमरी और हेसालोंग रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा करगामा गांव के पास रेलवे अंडरपास के समीप हुआ। मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हैतिरुल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजुरू के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि चैतन तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मां विधवा हैं। चैतन बाहर रहकर काम करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने गांव हैतिरुल लौटे थे। गुरुवार को करगामा गांव के पास रेलवे अंडरपास के समीप वह ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस को दी। इसके बाद नीमडीह थाना पुलिस को भी सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चैतन को किस ट्रेन ने टक्कर मारी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

चैतन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।