एमजीएम अस्पताल में छह घंटे के भीतर चार मोबाइल और नकदी चोरी, सीसीटीवी में संदिग्ध युवक कैद

Spread the love

जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार देर रात से सोमवार सुबह के बीच चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। महज छह घंटे के भीतर अस्पताल परिसर से चार मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

सभी पीड़ितों ने एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध युवक विभिन्न वार्डों में घूमता और मोबाइल लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

बोराम प्रखंड के नूतनडीह गांव निवासी रुपाली महतो के पति दुलाल महतो ने बताया कि रविवार रात करीब 12:30 बजे उनकी पत्नी के वार्ड से लगभग 19 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी हो गया। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मोबाइल लेकर वार्ड से बाहर जाता दिखाई दिया है।

वहीं, ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मैसादा गांव निवासी मनसा गोप ने बताया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे वह ग्राउंड फ्लोर स्थित बाथरूम में मुंह धोने गए थे। इस दौरान उन्होंने अपना मोबाइल स्लैब पर रखा था। कुछ ही देर में मोबाइल गायब हो गया। मोबाइल कवर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी 15 जुलाई से अस्पताल में भर्ती हैं और चोरी के बाद दैनिक खर्च के लिए भी उन्हें उधार लेना पड़ा।

एक अन्य मामले में बिष्टुपुर निवासी संजय डालमिया की पत्नी सोनिया डालमिया का मोबाइल रविवार देर रात चौथी मंजिल के वार्ड से चोरी हो गया। परिजनों के अनुसार मोबाइल चार्जिंग पर लगा था। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक वार्ड में आकर मोबाइल लेकर जाता दिखाई दिया है। अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज के परिजनों का मोबाइल चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है, हालांकि इस मामले में अब तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से वार्डों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। पुलिस शिकायतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।