उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में आरोपी को झारखंड हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत

Spread the love

रांची: झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक एवं धांधली मामले में एक आरोपी को झारखंड हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है। आरोपी पर कथित तौर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने वाले सॉल्वर गैंग से जुड़े होने का आरोप है। इससे पहले उसकी अग्रिम जमानत याचिका निचली अदालत ने खारिज कर दी थी, जिसके बाद उसने हाईकोर्ट का रुख किया। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने उसे अग्रिम जमानत प्रदान कर दी।

मामले में पुलिस और जांच एजेंसियों की जांच अभी भी जारी है। इस केस में कथित मास्टरमाइंड अतुल वत्स समेत विकास कुमार, आशीष कुमार, मुकेश कुमार और बिहार से गिरफ्तार अन्य आरोपियों सहित कुल सात लोग न्यायिक हिरासत में हैं। इसके अलावा पांच अभ्यर्थी भी जेल में बंद हैं।

गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से एक दिन पहले, 12 अप्रैल की रात तमाड़ थाना क्षेत्र के रारगांव स्थित एक निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में अभ्यर्थियों को कथित तौर पर उत्तर याद कराए जा रहे थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर कुल 166 लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि अभ्यर्थियों से परीक्षा से पहले और चयन के बाद पैसे लेने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।