JPSC Exam Scam: जयराम महतो ने कथित धांधली की CBI-ED जांच की मांग की, छात्रों के आंदोलन का किया समर्थन

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड के युवा नेता और विधायक जयराम महतो ने शनिवार को शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और विचारों को याद किया। इस दौरान उन्होंने जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। जयराम महतो ने आरोप लगाया कि राज्य स्तरीय परीक्षा में अनियमितताओं के गंभीर संकेत सामने आने के बावजूद सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इतने बड़े स्तर पर कथित धांधली बिना उच्चस्तरीय संरक्षण के संभव नहीं है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने परीक्षा में एक सीट के लिए कथित तौर पर 50 से 60 लाख रुपये लिए जाने के आरोपों का भी जिक्र किया और मामले की जांच सीबीआई तथा ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग की। जयराम महतो ने परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल और अभ्यर्थी अभय तिवारी की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए संबंधित परीक्षाओं और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की मांग की। उन्होंने राज्यभर में आंदोलन कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आंदोलनरत अभ्यर्थियों के समर्थन में टेंट लगाए जाने की भी जानकारी दी।