रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR-2026 की प्रक्रिया को तेज करने के लिए 311 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। भारत निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के बाद यह नियुक्ति की गई है। अधिकारियों की तैनाती से मतदाताओं के दावे-आपत्तियों के निपटारे और शिकायतों के समयबद्ध समाधान में तेजी आने की उम्मीद है।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार के अनुसार SIR के तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू हो चुकी है। इस दौरान मतदाता सूची में नो-मैप मतदाताओं और तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों की भी जांच की जाएगी। दावे एवं आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी। आवश्यकता के अनुसार संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन किया जाएगा।
दावे-आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। अतिरिक्त अधिकारियों की नियुक्ति SIR प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर रखने, मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार और घर-घर जाकर सत्यापन की प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।

