पाकुड़: संदिग्ध परिस्थितियों में दो माह के बच्चे की मौत, हत्या के आरोप में तीन हिरासत में

Spread the love

पाकुड़: सदर प्रखंड के संग्रामपुर गांव में दो माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हत्या का मामला सामने आया है। बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले में बच्चे की मां ने अपने पति सरजन शेख पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि बच्चे के पिता ने घटना के लिए अपनी सास को जिम्मेदार बताया है।

अलग-अलग आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने बच्चे के पिता, मां और दादी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में परिवार के सदस्यों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन आरोपों के जरिए जांच को भटकाने का प्रयास भी हो सकता है।

पति-पत्नी के बीच विवाद की भी जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सरजन शेख और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार को भी दोनों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसी दौरान आसपास के लोगों ने शोर सुना और मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और बच्चे के शव को कब्जे में लिया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संग्रामपुर में दो माह के बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। फिलहाल तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। बच्चे की मौत के वास्तविक कारण और घटना में किसकी भूमिका है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर करेगी।