जमशेदपुर: DC राजीव रंजन ने आपूर्ति विभाग की समीक्षा की, राशन वितरण में तेजी लाने के निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर: उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में खाद्य सुरक्षा योजनाओं के तहत राशन वितरण की धीमी गति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने और 63 डुप्लीकेट राशन कार्ड लाभुकों के नाम हटाने की लंबित प्रक्रिया इसी महीने पूरी करने का निर्देश दिया।

अगस्त में अब तक सिर्फ 4 प्रतिशत राशन वितरण

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार अगस्त महीने का राशन पोस्टमैन योजना से जुड़े परिवारों के बीच वितरित किया जा चुका है। वहीं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के सामान्य लाभुकों के बीच अब तक केवल 4 प्रतिशत राशन वितरण हुआ है। इस पर उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को प्रतिदिन निगरानी कर वितरण की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश दिया।

डुप्लीकेट और अपात्र लाभुकों के नाम हटाने का निर्देश

63 डुप्लीकेट लाभुकों के नाम हटाने में पिछले महीने से अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने शहरी क्षेत्र के आपूर्ति पदाधिकारियों को महीने के अंत तक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि किसी राशन कार्ड में आयकरदाता का नाम पाया जाता है, तो नियमानुसार पूरे परिवार का राशन कार्ड रद्द किया जा सकता है।

नए सदस्यों के नाम जोड़ने और कार्ड सक्रिय करने से संबंधित लंबित आवेदनों का भी एक सप्ताह के भीतर निपटारा करने का निर्देश दिया गया।

धीमे परिवहन पर सख्ती, एकीकृत राशन किट का सुझाव

डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था की धीमी गति पर उपायुक्त ने ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि गोदाम से अनाज उठाकर एक सप्ताह के भीतर PDS दुकानों तक पहुंचाया जाए। राशन वितरण को व्यवस्थित बनाने के लिए उन्होंने नमक, चावल और दाल जैसी सामग्री की एकीकृत किट तैयार करने का सुझाव भी दिया।

बैठक में सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना, PGMS पर दर्ज जन शिकायतों, लाभुकों के e-KYC, खाद्यान्न गोदामों की मरम्मत और मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। बैठक में ADM SOR राहुल जी आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।