रामगढ़: रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, OPD, साफ-सफाई, दवा और जांच व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान तीन डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उपायुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान ENT विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति सिन्हा, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राजन पांडेय और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार सिंह अस्पताल में अनुपस्थित मिले। उपायुक्त ने तीनों डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगने के साथ अगले आदेश तक उनके वेतन रोकने का निर्देश दिया।
मरीजों की संख्या बढ़ने पर OPD बढ़ाने का निर्देश
अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को ऑर्थो, स्त्री रोग एवं मेडिसिन विभाग में प्रतिदिन दो OPD संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ सुनिश्चित करने के साथ अस्पताल में बेहतर साफ-सफाई, दवा और जांच व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मरीजों से सीधे लिया सुविधाओं का फीडबैक
उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों से सीधे बातचीत की और इलाज, दवा, जांच, भोजन सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर, लैब, शौचालय, मेस, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे कक्ष का भी निरीक्षण किया।
मेस में मरीजों को निर्धारित समय पर मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल जिले की प्रमुख स्वास्थ्य संस्था है और मरीजों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

