जमशेदपुर: बारिश के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार से एंटी-लार्वा छिड़काव अभियान शुरू किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों की मांग के बाद अर्बन सर्विसेज, टाटा स्टील की ओर से पंचायत के विभिन्न इलाकों में मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए दवा का छिड़काव कराया गया। अभियान की शुरुआत रोड नंबर 1, 2 और 3 समेत कई क्षेत्रों से हुई।


अभियान के दौरान प्राथमिक विद्यालय, श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल, हिलटॉप स्कूल और टीनी टॉट स्कूल परिसर के अलावा पानी की टंकी और गुरुद्वारा परिसर में भी एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, बारिश के दौरान जलजमाव वाले स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन को रोकना और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे को कम करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
बताया गया कि पंचायत के जिन इलाकों में शुक्रवार को छिड़काव नहीं हो सका, वहां 15 अगस्त के बाद अभियान चलाया जाएगा। उपमुखिया संतोष ठाकुर ने कहा कि आम लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा प्राथमिकता है। अभियान को चरणबद्ध तरीके से पंचायत के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।

