आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 स्थित निर्मल नगर में करीब एक महीने से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गलियों और घरों के आसपास जमा कचरे से दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।


लंबे समय से कचरा जमा रहने के कारण इलाके में मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। बारिश के मौसम में गंदगी और जलजमाव से लोगों को डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा सताने लगा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार को एक निवासी ने सफाई की समस्या को लेकर नगर निगम के प्रशासक से फोन पर शिकायत की। आरोप है कि उन्हें बताया गया कि फिलहाल मुख्य सड़क की सफाई चल रही है और इसके बाद वार्ड की सफाई कराई जाएगी। बाद में WhatsApp पर लोकेशन भेजने को कहा गया और बताया गया कि ट्रैक्टर भेजा जा रहा है।
लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई कराने की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि दो दिनों के भीतर कचरा नहीं उठाया गया तो सामूहिक रूप से सरायकेला-खरसावां उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे और मुख्यमंत्री जनसंवाद पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएंगे।

