बोकारो: छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर अर्जुन मुंडा ने सरकार को घेरा, CBI जांच की मांग पर विचार की अपील

Spread the love

बोकारो: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और BJP नेता अर्जुन मुंडा ने छात्र आंदोलन को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से राज्य का माहौल खराब हो रहा है और झारखंड पीछे जा रहा है।

अर्जुन मुंडा अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान बोकारो पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि छात्र परीक्षा और भर्ती से जुड़े मामले में CBI जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए CBI जांच की अनुशंसा करने की अपील की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी केंद्रीय जांच एजेंसी अपने स्तर पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती। ऐसे मामलों में राज्य सरकार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की मांग को आगे बढ़ाना चाहिए।

अर्जुन मुंडा ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों का समाधान पुलिस कार्रवाई या दमन से नहीं, बल्कि संवाद, निष्पक्ष जांच और उचित प्रक्रिया के जरिए किया जाना चाहिए।

उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने और राज्य में बिगड़ते माहौल को सुधारने की दिशा में कदम उठाने की अपील की।