जमशेदपुर: टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान 63 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान भारती महतो, पति मनोज कुमार महतो, निवासी खुटाडी, सोनारी के रूप में हुई है। उनके पुत्र शैलेन्द्र कुमार महतो ने 18 नवंबर को बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत देकर अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारती महतो को पहले सोनारी स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर 10 नवंबर 2026 को उन्हें TMH में भर्ती कराया गया। बताया गया कि उनके पैर के अंगूठे में संक्रमण था। इसके अलावा वह हाइपोथायरायडिज्म, डायबिटीज और आर्थराइटिस से भी पीड़ित थीं। इलाज के दौरान 17 नवंबर की शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई।
मां की मौत के बाद पुत्र ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए TMH से इलाज से संबंधित चिकित्सीय दस्तावेज और अन्य अभिलेख जब्त किए हैं। साथ ही पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से अनुरोध कर मेडिकल टीम गठित कराई गई। पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हुई।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इलाज के दस्तावेज और विशेषज्ञ चिकित्सकों की राय के आधार पर जांच की जा रही है। BNSS की धारा 173(3) के तहत निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार प्रारंभिक जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल आरोप के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। जांच में चिकित्सीय लापरवाही के पर्याप्त तथ्य मिलने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

