राज्य स्थापना दिवस पर जमशेदपुर में निकली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली, नियमों के पालन की अप

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। उपायुक्त के नेतृत्व में आयोजित यह रैली समाहरणालय परिसर से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक पहुंची। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

रैली के दौरान वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की गई। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

इस मौके पर उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन और थोड़ी सी सावधानी बरतकर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

रैली के माध्यम से जिला प्रशासन ने आम नागरिकों तक ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ का संदेश पहुंचाया और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।