जमशेदपुर: इनामी नक्सली दंपती की निशानदेही पर हथियार और 232 राउंड गोलियां बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदनीपुर जिले के सालबनी थाना क्षेत्र से 19 सितंबर को गिरफ्तार किए गए 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली समीर महतो उर्फ मंगल और 2 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू की निशानदेही पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने हथियार व गोला-बारूद बरामद किया है। बुधवार को कोलकाता एसटीएफ, झारखंड व छत्तीसगढ़ पुलिस तथा कोबरा बटालियन ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया।

चाकुलिया प्रखंड की बर्डीकानपुर कालापाथर पंचायत के जोभी गांव के समीप जमीरा पहाड़ पर टीम ने भारी बारिश के बीच करीब दो से तीन किलोमीटर पैदल चलकर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, पहाड़ में गड्ढा खोदकर प्लास्टिक में लपेटकर छिपाए गए हथियार बरामद किए गए। बताया गया कि मालती इंसास राइफल और समीर महतो उर्फ मंगल एके-47 लेकर चलता था।

एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी और कुड़लुंग पहाड़ में भी सुबह पांच बजे से शाम चार बजे तक सघन सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार, कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 राउंड गोली और तीन मैगजीन, जबकि जोभी जंगल से एक एकेएम राइफल, 147 राउंड गोली और दो मैगजीन बरामद की गईं। कुल मिलाकर दो राइफल, 232 राउंड गोली, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद होने की जानकारी दी गई है।

पुलिस के अनुसार, समीर महतो और मालती मुर्मू पूर्व माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के सुरक्षा दस्ते में रहे थे। बाद में दोनों बंगाल स्टेट कमेटी के सचिव असीम मंडल के सुरक्षा दस्ते में शामिल हुए थे।

संयुक्त अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम इंस्पेक्टर सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार, कोबरा, झारखंड जगुआर और कोलकाता एसटीएफ की टीमें शामिल रहीं। बरामद हथियार और गोला-बारूद जब्त कर पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई और अनुसंधान शुरू कर दिया है।