जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के कर्मचारियों के सालाना बोनस समझौते को लेकर आज स्थिति साफ होने की संभावना है। बोनस फॉर्मूले और प्रतिशत पर अंतिम सहमति के लिए प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच दोपहर 1:30 बजे एक बार फिर महत्वपूर्ण बैठक होगी। सूत्रों के अनुसार, बोनस वार्ता सुबह 10 बजे शुरू हुई थी। पहले दौर में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन कुछ बिंदुओं पर सहमति नहीं बनने के कारण अंतिम फैसला नहीं हो सका।


इसके बाद दूसरे दौर की वार्ता के लिए दोपहर 1:30 बजे का समय तय किया गया है। यूनियन सूत्रों के मुताबिक, बातचीत को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास जारी है। हालांकि, आज ही सभी बिंदुओं पर 100 प्रतिशत सहमति बनने को लेकर संशय बना हुआ है। यदि दोपहर की बैठक में सहमति बनती है तो आज ही बोनस समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर हो सकते हैं। वहीं, सहमति नहीं बनने पर छुट्टी के कारण मामला सोमवार तक टल सकता है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। औसत बोनस 50,160 रुपये और अधिकतम 75,223 रुपये रहा था। करीब 1,200 बाई-सिक्स कर्मियों को 8.33 प्रतिशत बोनस मिला था, जबकि सुपरएनुएशन के दायरे में आए करीब 225 कर्मचारियों को 15,085 रुपये की दर से अनुदान राशि दी गई थी।
जमशेदपुर औद्योगिक क्षेत्र की अन्य कंपनियों में भी बोनस को लेकर कर्मचारियों की उत्सुकता बनी हुई है। टाटा मोटर्स के अलावा टाटा कमिंस, टिमकेन और टीएसडीपीएल में बोनस समझौता होना अभी बाकी है। शहर की कई अन्य बड़ी कंपनियों में बोनस समझौते के साथ भुगतान भी किया जा चुका है।

