बरही: झारखंड पुलिस ने बिहार सीआईडी और नारकोटिक्स टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बरही क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की 1190 पेटी (लगभग 10,602 लीटर) विदेशी अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में पुलिस ने किचन मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्कर एक ट्रक और बिना नंबर की क्रेटा कार से भागने लगे, लेकिन टोल प्लाजा के पास दोनों वाहनों को रोककर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान ट्रक से मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की 750, 350 और 180 मिलीलीटर की कुल 1190 पेटी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार, खिरोधर साव उर्फ गुलाब साव और सनी कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक और बिना नंबर की क्रेटा कार भी जब्त कर ली है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शराब के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने कहा कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

