बोकारो: झारखंड में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को बोकारो के सेक्टर-1 स्थित टाउन हॉल में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक उमाकांत रजक तथा पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।


प्रशिक्षण शिविर में बूथ स्तर पर कार्यरत एजेंटों को मतदाता सूची में नामों के सत्यापन, छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने तथा हटाए गए नामों की जानकारी एकत्र करने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने का सीधा असर नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम होना अत्यंत महत्वपूर्ण है और यदि समय रहते इसकी जांच नहीं की गई तो बाद में सुधार कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और उनका नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने की अपील की।
इस दौरान झामुमो नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि झारखंड समेत पश्चिम बंगाल और बिहार में एसआईआर प्रक्रिया का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाताओं के हितों की रक्षा करनी होगी।
मतदाता मैपिंग रिपोर्ट के अनुसार, 22 मई तक बोकारो जिले में कुल 15,33,943 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 10,47,913 मतदाताओं का सत्यापन कार्य पूरा किया जा चुका है। जिले की कुल मैपिंग प्रगति 68.31 प्रतिशत दर्ज की गई है।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, गोमिया विधानसभा 81.99 प्रतिशत मैपिंग के साथ सबसे आगे है, जबकि चंदनकियारी में 80.52 प्रतिशत और बेरमो में 72.48 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, बोकारो विधानसभा क्षेत्र 52.82 प्रतिशत मैपिंग के साथ सबसे पीछे है, जहां अभी 2,81,528 मतदाताओं का सत्यापन शेष है। जिले में कुल 4,86,030 मतदाताओं की मैपिंग अभी लंबित है, जिसे जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया।

