सरायकेला-खरसावां: जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मंगलवार को ईचागढ़ प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली, उपस्थिति पंजी, अभिलेखों तथा रजिस्टरों के संधारण की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदार तरीके से निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं एवं आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय आने वाले लोगों के साथ सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त ने विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि सभी पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी योग्य व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों, मीडिया और सामाजिक संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने सर्वेक्षण और जनगणना कार्यों में लगे कर्मियों को पूरी तत्परता और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड परिसर स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इसकी नियमित निगरानी की जाएगी।
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने, योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

