मानगो के आदर्श गौरव की हॉलीवुड में बड़ी छलांग, ‘एलियन: अर्थ’ के दूसरे सीजन में पीटर डिंकलेज के साथ आएंगे नजर

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता आदर्श गौरव अब हॉलीवुड के एक और बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रहे हैं। वह चर्चित साइंस फिक्शन वेब सीरीज ‘एलियन: अर्थ’ के दूसरे सीजन में नजर आएंगे। इस सीजन में उनके साथ हॉलीवुड अभिनेता पीटर डिंकलेज भी स्क्रीन साझा करेंगे, जिन्हें लोकप्रिय सीरीज ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में टिरियन लैनिस्टर की भूमिका से दुनियाभर में पहचान मिली है। दूसरे सीजन की शूटिंग लंदन में होगी।

‘प्रभात खबर’ से बातचीत में आदर्श ने बताया कि इस प्रोजेक्ट तक पहुंचने के लिए उन्हें करीब तीन साल तक मेहनत करनी पड़ी और इस दौरान उन्होंने लगभग 250 ऑडिशन दिए। उन्होंने रिडली स्कॉट जैसे फिल्म निर्माता और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को अपने करियर का शानदार पड़ाव बताया।

रिडली स्कॉट की ‘एलियन’ फ्रेंचाइजी पर आधारित इस सीरीज की कहानी एक रहस्यमय अंतरिक्ष यान के पृथ्वी पर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शुरू होती है। इसके पहले सीजन में एक महिला और सैनिकों का समूह धरती के सामने मौजूद बड़े खतरे का सामना करता है। पहला सीजन 12 अगस्त 2026 को एफएक्स और हुलु पर रिलीज हुआ था।

आदर्श का जमशेदपुर से आज भी गहरा जुड़ाव है। उनकी शुरुआती पढ़ाई बिष्टुपुर के लोयोला स्कूल में हुई और उनका घर मानगो के आशियाना में है। उनके नाना-नानी गोलमुरी के केबल टाउन में रहते हैं। आदर्श हर साल जमशेदपुर आते हैं और युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर मेहनत करने का संदेश देते हैं।

उन्होंने 2010 में फिल्म ‘माई नेम इज खान’ से अभिनय की शुरुआत की थी। 2021 में आई ‘द व्हाइट टाइगर’ से उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली और बाफ्टा में सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता की श्रेणी में नामांकन मिला। वह फोर्ब्स इंडिया की ‘30 अंडर 30’ सूची में भी शामिल हो चुके हैं।