जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुंदरनगर के कुदादा के पास नया रेलवे स्टेशन बनाने की योजना को अंतिम रूप दिया गया है। टाटानगर-बादामपहाड़ रेललाइन के बीच प्रस्तावित इस स्टेशन का सर्वे पूरा हो चुका है। इसका नाम ‘स्वर्णरेखा स्टेशन’ तय कर रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है।


परियोजना के लिए फिलहाल करीब 50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसे बढ़ाकर 100 करोड़ रुपये करने की योजना है। शुरुआत में स्टेशन पर करीब तीन प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जबकि भविष्य में कम से कम पांच प्लेटफॉर्म विकसित करने का प्रावधान रखा गया है। नई रेललाइन बिछने के बाद स्टेशन का विस्तार भी किया जाएगा। यह टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड का 10वां स्टेशन होगा। इससे टाटानगर से हल्दीपोखर के बीच रहने वाले ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में इस रेलखंड पर तीन मेमू और दो साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनें चलती हैं। भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने की भी योजना है।
इधर, टाटानगर स्टेशन पर भीड़ कम करने के लिए आदित्यपुर स्टेशन को भी बहुपयोगी बनाया जा रहा है। वर्तमान में यहां चार ट्रेनों का ठहराव है, जिसे बढ़ाकर करीब एक दर्जन करने की योजना है। बिहार जाने वाली कुछ ट्रेनों को आदित्यपुर से शुरू करने की तैयारी है, जो टाटानगर होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगी।
दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी के अनुसार, नए स्टेशन से जुड़ी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इससे यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और टाटानगर स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।

