डुमरिया: झारखंड गठन के करीब 26 वर्ष बीतने के बावजूद पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड स्थित बकिशोल पंचायत के डिबुडिह गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर है। बारिश के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है। मुख्य सड़क से डिबुडिह गांव तक जाने वाली सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त है और गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।


ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क का असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। सबसे अधिक दिक्कत किसी के बीमार पड़ने पर होती है। ग्रामीणों के अनुसार, जर्जर सड़क के कारण एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में मरीज को कई बार मुख्य सड़क तक पैदल या दूसरे साधनों से ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने सड़क के अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की भी शिकायत की है। उनका आरोप है कि कई जरूरतमंद परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास, वृद्धावस्था पेंशन और मंईयां सम्मान योजना के लाभ से अब तक वंचित हैं। आवास योजना के लिए कई बार जियो-टैगिंग होने के बावजूद लाभ नहीं मिला।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जर्जर सड़क की जल्द मरम्मत कराने तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।

