7 सितंबर को झारखंड में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, 1 सितंबर से शुरू होगी तीन दिवसीय रणनीति बैठक

Spread the love

रांची: केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ झारखंड कांग्रेस ने राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी 7 सितंबर को बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने जा रही है। इसे सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर पार्टी के विभिन्न विभागों और संगठनों के साथ बैठक कर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

अभियान को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए तीन दिवसीय बैठक कार्यक्रम तैयार किया गया है। बैठकों की शुरुआत 1 सितंबर से होगी। पहले दिन सुबह 11 बजे NSUI, दोपहर 12:30 बजे महिला कांग्रेस और दोपहर 3 बजे युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी।

2 सितंबर को सुबह 11:30 बजे आदिवासी कांग्रेस और दोपहर 12:30 बजे अनुसूचित जाति विभाग के साथ बैठक होगी। वहीं, 3 सितंबर को सुबह 11:30 बजे सेवादल और दोपहर 12:30 बजे रांची महानगर जिला कांग्रेस कमेटी के साथ अंतिम चरण की बैठक आयोजित की जाएगी।

इन बैठकों में सभी संगठनों की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और 7 सितंबर के आंदोलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी नेतृत्व ने सभी नेताओं और पदाधिकारियों से निर्धारित समय पर बैठक में पहुंचने की अपील की है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बैठकों की यह श्रृंखला कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा पैदा करेगी और 7 सितंबर का प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी की एकजुट आवाज बनेगा।